चाकसू पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में नकबजनी गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी मनोहरलाल मेघवाल के अनुसार, मंगलवार रात को गश्त के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोका गया। तलाशी में उनके पास से एक जीवित कछुआ मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने चाकसू क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके पास से करीब एक किलो सोने और चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी दिन में रेकी कर सूने घरों को निशाना बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में सरदार उर्फ जंगा (मुंशी बावरिया का पुत्र), धर्म सिंह (गोपाल बावरिया का पुत्र) और राजेंद्र उर्फ आंधा उर्फ महेंद्र बावरिया (अर्जुनलाल का पुत्र) शामिल हैं। सभी रिग रोड शिवदासपुरा के निवासी हैं।
बुधवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उनका रिमांड मिला है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई बार चोरी-नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं। बरामद किए गए कछुए को वन विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
