भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े टकराव और मौजूदा स्थितियों में भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाले भारतीय सैनिकों के साहस और उत्साहवर्धन के लिए भारतीय जनता पार्टी उदयपुर शहर ने शुक्रवार रात को उदयपुर शहर के मंदिरों में आयोजन किए गए।
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने बताया- संगठन की और से भारतीय सेना के अभियान की सफलता और कामयाबी के लिए 63 मंदिरों में महाआरती और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। भारतीय सेना के शौर्य को सभी ने सलाम किया।

उन्होंने बताया- इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता ने भी भागीदारी निभाई। राठौड़ स्वयं बोहरा गणेश जी मंदिर में इस आयोजन में शामिल हुए। वहां पर हुए कार्यक्रम में उदयपुर लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत भी साथ थे।
मंदिर में हुए कार्यक्रम में सभी ने सेना के अभियान की सफलता की मंगलकामना की। राठौड़ ने बताया कि बोहरा गणेश जी पर आरती में शामिल लोगों में उत्साह था और सभी ने सफलता की कामना की।
सांसद डा. मन्नालाल रावत ने कहा कि हमारे तीनों सेनाओं के जवानों के लिए दीर्घायु की कामना की। पहलगाम की घटना ने समाज और देश को हिला दिया था और हमारी सेना ने उसका करारा जवाब दिया यह हमारे लिए गर्व की बात है।

इस दौरान भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, पूर्व उप महापौर पारस सिंघवी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मांगीलाल जोशी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश सुथार, भाजपा मंडल अध्यक्ष कन्हैया वैष्णव, विजय आहूजा, हंसा माली, प्रताप सिंह राठौड़, रणजीत दिगपाल, अमृत मेनारिया आदि उपस्थित रहे।
