जैसलमेर के बासनपीर गांव के पास मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दूल्हे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं दुल्हन सहित 4 गंभीर घायल हो गए। सभी को 108 की मदद से जवाहिर हॉस्पिटल लाया गया, जहां से गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच के साथ टक्कर मारकर फरार होने वाली गाड़ी की तलाश शुरू की। सभी लोग शादी करके दूल्हा-दुल्हन समेत कार में लौट रहे थे, उस दौरान अज्ञात गाड़ी की टक्कर से हादसा हुआ।

पति-पत्नी घायल, बेटे की मौत सदर थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह ने बताया कि पोकरण से कार से लौट रहे लोगों को मंगलवार रात करीब 12 बजे के बाद बासनपीर गांव के पास अज्ञात गाड़ी ने भीषण टक्कर मारी और फरार हो गया। मृतकों में दूल्हा लीलाराम (45) पुत्र गुमानाराम ओड, दूल्हे की बहन मूली देवी (35) पत्नी बाबूराम ओड, हितेश (9 महीना) पुत्र अशोक कुमार ओड निवासी पोकरण शामिल है। वहीं हादसे में अशोक, हेमलता पत्नी अशोक, दुल्हन बसंती (40) व पुखराज गंभीर घायल हो गए। चारों घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है।
मृतकों में दुल्हन का भतीजा भी शामिल मृतक लीलाराम व मूली देवी भाई-बहन है, वहीं मृतक 9 महीने का हितेश गंभीर घायल अशोक-हेमलता का बेटा है। अशोक व हेमलता दुल्हन बसंती के भाई-भाभी है और मृतक हितेश दुल्हन का भतीजा था। वहीं घायल पुखराज भी दुल्हन बसंती का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जिसकी कार में सभी जैसलमेर आ रहे थे।
शादी करके लौट रहे थे दूल्हा-दुल्हन जानकारी के अनुसार मृतक लीलाराम और घायल बसंती की मंगलवार को पोकरण में शादी हुई थी। दोनों की ये दूसरी शादी थी। इस शादी में दोनों के परिवार के सदस्य शामिल हुए। रात को दुल्हन बसंती के रिश्तेदार पुखराज की कार में 7 लोग जैसलमेर के लिए रवाना हुए। गाड़ी में लीलाराम-बसंती (दूल्हा-दुल्हन), मूली देवी (दूल्हे की बहन), अशोक-हेमलता (दुल्हन के भाई-भाभी) व उनका 9 महीने का बेटा हितेश सवार था।

बासनपीर के पास अज्ञात गाड़ी ने मारी टक्कर हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह ने बताया- मंगलवार रात करीब 12 बजे के बासनपीर गांव के पास पोकरण से आ रही कार को किसी अज्ञात गाड़ी ने तेज टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा पिचक गया। राह जा रही गाड़ियों ने सदर थाना पुलिस को जानकारी दी। हमने मौके पर जाकर सभी को 108 एम्बुलेंस की मदद से जवाहिर हॉस्पिटल भेजा और अज्ञात गाड़ी की तलाश के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू की।
शादी की खुशियां बदली मातम में हादसे की जानकारी मिलते ही जवाहिर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर ओड समाज के लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। सभी लोगों ने हादसे में शामिल गाड़ी की तलाश करने की मांग कर ड्राइवर को सजा दिलवाने की मांग की। साथ भी मृतकों व घायलों के परिजनों को सरकारी सहायता दिलवाने की मांग की है।
