जोधपुर की देवनगर थाना पुलिस ने चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 6 माह से फरार था। पुलिस से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदल रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
देवनगर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया- 25 मार्च 2025 को थाने में मुरलीधर ने रिपोर्ट देकर बताया था कि आजाद हिंद मार्केट में उसकी मोटर पार्ट्स की दुकान है। 22 मार्च की रात को दुकान मंगल करके चला गया था। सुबह 7 बजे आया तो देखा की दुकान के शटर के ताले तोड़कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने गल्ले में रखे 58000 रुपए चुरा लिए।
दो आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और इस मामले में 26 मार्च 2025 को दो आरोपी अविनाश और सुनील को गिरफ्तार कर लिया था। तीसरा आरोपी जॉनी नट घटना के दिन से ही फरार हो गया था। पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। इसे अब गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में केस हो चुके हैं।







