राजसमंद जिले में पिछले 2 दिनों से बारिश का दौर थम गया है। बारिश रुकने से अब गोमती, बनास और चंद्रभागा नदी का वेग कम हो गया है।
कुंभलगढ़ क्षेत्र में बारिश नहीं होने से बाघेरी नाका बांध का ओवरफ्लो गेज डेढ़ फीट 18 इंच से घटकर अब 11 इंच रह गया है। इससे बनास नदी का बहाव भी कम हो गया है। वहीं गढ़बोर और सेवंती क्षेत्र में बारिश नही होने से गोमती नदी में भी पानी कम हो गया। जिले के 102 छोटे-बड़े बांधों में से 72 बांध लबालब हो चुके हैं।

झील छलकने के लिए 2 फीट से भी कम पानी की जरूरत अब जिले की सबसे बड़ी राजसमंद झील के भरने का इंतजार है। झील का गेज शनिवार सुबह 8 बजे तक 28.20 फीट रिकॉर्ड किया गया, जबकि कुल गेज 30 फीट है। झील को छलकने के लिए अब 2 फीट से भी कम पानी की जरूरत है। मानसून शुरू होने से पहले झील का स्तर 14.50 फीट था। झील में अब तक 14 फीट से अधिक पानी की आवक हुई है। झील में खारी फीडर और बनास नदी से लगातार पानी की आवक बनी हुई है हालांकि आवक अब कम हो गई है।








