अजमेर के मां ने 3 साल की बेटी को पहले आनासागर की चौपाटी पर घुमाया और फिर झील में फेंक दिया। डूबने से मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने महिला को अरेस्ट कर लिया। महिला लिव इन में रहती थी और पार्टनर बच्ची को लेकर उसे ताने मारता था।
क्रिश्चियन गंज पुलिस ने बताया- अंजली सिंह (28) उर्फ प्रिया पत्नी राजू को गिरफ्तार किया गया है। महिला ने अपनी 3 साल की बेटी काव्या सिंह की हत्या की। महिला बनारस, यूपी की रहने वाली है।
पति से अलग होने के बाद बेटी के साथ अजमेर आ गई थी। यहां एक युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। महिला अजमेर के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट है। युवक भी उसी होटल में काम करता है।

बेटी के गुम होने की झूठी कहानी सुनाई डीएसपी रुद्र प्रकाश शर्मा ने बताया- मंगलवार रात हेड कॉन्स्टेबल गोविंद शर्मा गश्त के दौरान बुधवार अल सुबह 4 बजे के करीब वैशाली नगर से बजरंगगढ़ की तरफ जा रहे थे। तब एक युवक और महिला पैदल जाते दिखे। पुलिस ने दोनों को रुकवाकर पूछताछ की।
युवक ने अपना नाम अल्केश गुप्ता और महिला ने अंजली सिंह उर्फ प्रिया बताया। महिला ने बताया कि वो अल्केश के साथ लिव-इन में रहती है। मंगलवार रात को बेटी के साथ पैदल-पैदल अपने घर दाता नगर से अल्केश गुप्ता के पास सिटी हॉस्पिटल के सामने आ रही थी। रास्ते में रात 10 बजे सिटी हॉस्पिटल के पीछे नाले की पुलिया के पास बेटी अचानक गायब हो गई। उसकी रात भर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के साथ दिखी डीएसपी ने बताया- बच्ची के गुम होने की जानकारी पर टीम का गठन कर तलाश शुरू की। हेड कॉन्स्टेबल धर्मराज, कॉन्स्टेबल मोहन शेषमा और करतार की ओर से लगातार सीसीटीवी फुटेज चेक किया जा रहे थे। फुटेज में महिला अपनी बेटी को गोद में लेकर आनासागर चौपाटी के आस-पास घूमती दिखाई दी।
मंगलवार देर रात 1:30 के बाद महिला अकेले आनासागर चौपाटी तिराहे की तरफ अपना मोबाइल चलाते दिखाई दी। महिला के बयान और फुटेज में अलग-अलग बात होने पर तीनों को महिला पर शक हुआ।

पूछताछ में बोली- बेटी को सुलाया, धक्का दिया पुलिस टीम बच्ची की तलाश कर रही थी। इस बीच बुधवार सुबह आनासागर झील में बच्ची का शव नजर आया। महिला से सख्ती से पूछताछ की। उसने बताया कि बेटी को झील के किनारे पहले सुलाया। उसके बाद धक्का देकर फेंक दिया।

लिव-इन-पार्टनर को कॉल कर कहा- बेटी गुम हो गई डीएसपी ने बताया- आरोपी महिला ने अपने लिव-इन-पार्टनर से भी बच्ची की हत्या की बात को छुपाया था। आरोपी महिला ने मंगलवार रात 1:30 बजे के करीब झील में बच्ची को फेंक दिया था। 2 बजे अपने पार्टनर को कॉल कर बच्ची के गुम होने की सूचना दी थी। इसके बाद वो भी बच्ची को ढूंढ रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि महिला पहले से शादीशुदा थी। उसने अपने पति राजू निवासी बनारस (यूपी) को एक साल पहले ही छोड़ दिया था। इसके बाद से अपने लिव-इन-पार्टनर अल्केश के साथ अजमेर आकर रह रही थी। पूछताछ में महिला का कहना है कि लिव-इन-पार्टनर बेटी को लेकर ताने देता था। कहता था कि ये उसके पहले पति की बेटी है। परेशान होकर उसने बेटी को झील में फेंक दिया।








