जयपुर में सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के प्रयास मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शराब के नशे में गांधी नगर इलाके स्थित एक स्कूल में दीवार फांद कर कूद गया। वहां 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची ने जब परिजनों को घटना की जानकारी दी तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
एसीपी गांधी नगर नारायण बाजिया ने बताया कि जयपुर निवासी एक परिवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी सात साल की बच्ची एक स्कूल में पढ़ने जाती है। वह शनिवार को स्कूल गई थी। स्कूल में करीब 10 बजे वह बाथरूम गई, जहां स्कूल की दीवार कूद कर एक युवक आया और बच्ची के साथ बाथरूम में अश्लील हरकत करना शुरू किया। बच्ची आरोपी के चंगुल से भागी और शोर करने लगी।
सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान हुई
इसके बाद स्कूल टीचर्स ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्ची से बात की और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटना के बाद संदिग्ध की तलाश में दबिश देना शुरू किया। मौके से मिले सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अनिल उर्फ मुन्ना को आज सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।






