दीपोत्सव का पर्व नजदीक आने के साथ-साथ सोने और चांदी की कीमत निरंकुश हो गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंदी के बावजूद भारतीय बाजार में कीमती धातुओं की कीमत ने इतिहास के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जिसके बाद सोने और चांदी दोनों की कीमत ऑल टाइम हाई के शिखर पर पहुंच गई है। मंगलवार को स्टैंडर्ड सोने की कीमत में जहां 2500 की तेजी आई है। वहीं चांदी प्रति किलो की कीमत 3000 बढ़ी है। इसके बाद 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत 1.30 लाख रुपए, जबकि प्रति किलो चांदी की कीमत 1.83 लाख पर आ गई है।
सर्राफा व्यापारी भवानी सिंह ने बताया कि दुनियाभर के बाजार में पिछले दिनों आई स्थिरता के बाद लोगों ने कीमती धातुओं में निवेश बढ़ा दिया था। जिसकी वजह से दुनियाभर में कीमती धातुओं के स्टॉक में कमी आ गई है। वहीं भारत में त्यौहारी सीजन भी शुरू हो गया है। जिसकी वजह से सोने और चांदी दोनों की डिमांड बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले भारत में सोने और चांदी की कीमत में 15 से 20 प्रतिशत की ज्यादा तेजी है। जो आने वाले वक्त में ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। क्योंकि डिमांड बढ़ने के साथ ही अब बैंक के साथ बड़े निवेशकों ने भी सोने और चांदी का स्टॉक करना शुरू कर दिया है। जिससे सोने और चांदी दोनों की कीमत और बढ़ने की प्रबल संभावना है।
जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत एक लाख 30 हजार रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत एक लाख 21 हजार 200 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 1 लाख 1 हजार 400 रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 80 हजार 600 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत एक लाख 83 हजार रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है।







