उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कर रहा है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व में यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और स्वच्छता का निरीक्षण किया गया। दीपावली और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग और भीड़ को देखते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष प्रबंध किए गए हैं।
8 फेस्टिवल स्पेशल, 39 अतिरिक्त डिब्बे
मंडल द्वारा प्रमुख मार्गों पर 7 जोड़ी (कुल 14) फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जिनमें हुबली, दानापुर, बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर, पटना, राजकोट और लालकुआं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 29 अक्तूबर को भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस के बीच एक विशेष ट्रेन भी चलेगी। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए 14 जोड़ी ट्रेनों में 39 एक्स्ट्रा डिब्बे जोड़े गए हैं, जिससे हजारों यात्रियों को अतिरिक्त सीटें और सुविधाएं मिल रही हैं।
प्लेटफॉर्म-स्टेशन पर खास इंतजाम
जोधपुर सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं। स्टेशनों पर अतिरिक्त सफाई, फूड स्टॉल, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, लगातार अनाउंसमेंट और 24×7 निगरानी कक्ष की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी द्वारा निरंतर गश्त की जा रही है, साथ ही ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
ऑनबोर्ड वेरिफिकेशन और यात्री सहयोग
आरक्षित डिब्बों में सुविधा, टिकट जांच और ऑनबोर्ड स्टाफ की सतर्कता के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों के सहयोग से सेवाओं में सुधार के लिए लगातार फीडबैक ले रहा है।






