जोधपुर कमिश्नरेट की विवेक विहार थाना पुलिस ने केमिकल व्यापार में 32 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी नरेन्द्र कुमार के खिलाफ थाना विवेक विहार में दर्ज दो अन्य मामलों में भी संलिप्तता सामने आई है।
विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि 3 जून 2025 को सांगरिया निवासी गणेशराम मुण्डे ने रिपोर्ट दी थी कि सांगरिया रीको में श्याम रंग रसायन नाम से फर्म है और वह केमिकल का व्यापार करता है। सितंबर 2024 में आरोपी विवेक कुमार व नरेंद्र कुमार ने उसकी फर्म से करीब 33.99 लाख रुपए का केमिकल 60 दिन में भुगतान करने के वादे के साथ लिया था। आरोपियों ने केवल 1.50 लाख रुपए का आंशिक भुगतान किया, जबकि शेष 32.49 लाख रुपए की राशि अब तक नहीं दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की।
मामले को लेकर विवेक विहार थाना पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के सहारे जगह-जगह छिपा हुआ था।
मुरादाबाद से पकड़ा
आखिरकार टीम ने दिल्ली और मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी नरेन्द्र कुमार पुत्र उदयलाल निवासी ओम विहार कॉलोनी, बस स्टैंड के पास, बिलारी, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी थाना विवेक विहार के अन्य प्रकरण संख्या 120/2025 व 123/2025 में भी शामिल रहा है।
ऐसे करता था ठगी
आरोपी नरेन्द्र फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नकली बैंक खाते और जीएसटी नंबर बनाकर बड़ी फर्म तैयार करता था। फिर इन फर्मों के माध्यम से बड़ी मात्रा में माल खरीदता और बाद में फर्म का पता बदल देता था। इसके बाद आरोपी खरीदा गया केमिकल तुरंत सस्ते दामों में बेच देता था। आरोपी अपने सहयोगियों की मदद से भरोसा जीतकर कंपनियों से ठगी करता था।






