दांतारामगढ़ पुलिस ने एक साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी जय सिंह बसेरा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में छीतर मल गोगावास को पकड़ा गया है।
थानाधिकारी जय सिंह बसेरा ने बताया कि यह मामला 22 अक्टूबर 2024 को लक्ष्मण राम जाट निवासी गोगावास द्वारा दर्ज कराया गया था। शिकायत के अनुसार, 21 अक्टूबर 2024 की सुबह लक्ष्मण राम अपने खेत जा रहे थे।
तभी गिरधारी, सुरेश, छीतरमल, सुभाष, पन्नी देवी, संतोष, प्रेम देवी और सुगना लाठियां, कुल्हाड़ी और लोहे की जेळी लेकर आए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आईं लक्ष्मण राम की मां जमुना देवी और भाई गोविंद राम पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया।
इस हमले में जमुना देवी और गोविंद राम के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि लक्ष्मण राम को भी चोटें लगीं। आसपास के लोगों के आने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। तीनों घायलों को खाचरियावास सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें सीकर रेफर कर दिया गया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने अब इस मामले में छीतर मल पुत्र मुन्नाराम जाट निवासी गोगावास को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। इसी जमीनी विवाद के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की एक महिला और दो युवकों पर हमला किया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अवकाशकालीन न्यायालय सीकर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।






