अजमेर की जीआरपी थाना पुलिस ने यात्रियों के चोरी हुई और गुम हुए 60 मोबाइल बरामद कर लिए हैं। जिनकी कीमत बाजार में करीब 13 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने जब मोबाइल मालिकों को दिए तो उनके चेहरे खुशी से झूम उठे।
शुक्रवार को मामले की जानकारी जीआरपी सीओ राम अवतार और थाना प्रभारी फूलचंद बालोटिया की ओर से दी गई।
ट्रेनों और रेलवे स्टेशन से चोरी और गुम हो गए थे मोबाइल
सीओ रामअवतार चौधरी ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशन से यात्रियों के कई मोबाइल चोरी और गुम हुए थे। जिनकी शिकायत जीआरपी थाने को मिली थी।

पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाया गया अभियान
दूसरी ओर पुलिस मुख्यालय की ओर से इसे लेकर अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के तहत जीआरपी थाने पर पांच टीमें बनाई गई। जिन्हें कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए।
मोबाइलों को ट्रैक कर लोकेशन की पता
सीओ राम अवतार ने बताया कि टीम की ओर से मोबाइल को ट्रैक किया गया। जिनकी लोकेशन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र में प्राप्त हुई। इसके बाद अलग-अलग टीमें बनाकर अलग-अलग राज्यों में भेजी गई।
टीम ने करीब 13 लाख रुपए की कीमत के 60 मोबाइल बरामद किए हैं। शुक्रवार को पीड़ित लोगों को उनके मोबाइल सौंप दिए गए हैं। साथ ही पुलिस ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।






