सराना थाना पुलिस ने दो माह पुराने अवैध गांजा परिवहन मामले में फरार चल रहे एक वाहन मालिक को गिरफ्तार किया। आरोपी दिनेश वर्मा उर्फ गोलू को गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर पकड़ा गया।
सराना थाना अधिकारी उगमराम ने बताया कि मामला 5 सितंबर 2025 का है। सरवाड़ थाना पुलिस ने अजमेर जिले के रामगंज थाना क्षेत्र के सोमलपुर निवासी 19 वर्षीय शमसुद्दीन और 32 वर्षीय लतीफ को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 3 किलो 925 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था।
मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सराना थाना अधिकारी को सौंपी थी। जांच के दौरान पुलिस ने अवैध गांजा खरीददार रविंद्र छिपा को भी गिरफ्तार कर लिया था।
थाना अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कार मालिक अजमेर के कुंदननगर निवासी 27 वर्षीय दिनेश वर्मा उर्फ गोलू पुत्र रमेश चंद लोधी फरार चल रहा था। सराना पुलिस टीम ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर फरार आरोपी दिनेश वर्मा उर्फ गोलू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस की आरोपी से अवैध गांजा की खरीद-फरोख्त के स्रोतों, उसके नेटवर्क और इस अपराध में शामिल अन्य सहयोगियों के संबंध में गहनता से पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोराजमल मीणा और पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई। इसमें सराना थाना अधिकारी उगमाराम, कॉन्स्टेबल हनुमान, रामनिवास और सुरेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






