जयपुर में हरिशंकर रेस्टोरेंट में बुधवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। सालों पुरानी पट्टियों से बनी रेस्टोरेंट की छत गर्मी के कारण अचानक गिर गई। सूचना मिलते ही सांगानेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
ACP सांगानेर विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि सांगानेर पुलिया के पास हरिशंकर रेस्टोरेंट नाम से यह रेस्टोरेंट पिछले कई सालों से चल रहा है। शाम करीब 7:30 बजे रेस्टोरेंट के पिछले हिस्से की पट्टियों की छत अचानक टूटकर गिर गई, जिससे एक व्यक्ति मलबे के नीचे दब गया। हादसे की सूचना मिलते ही सांगानेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे व्यक्ति को निकालने के प्रयास जारी हैं।
ASI गोपाल ने बताया कि हरिशंकर रेस्टोरेंट की छत गिरने से मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मलबे को हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। राहत कार्य को देखने के लिए इकट्ठा हुई भीड़ को पुलिस ने मशक्कत के बाद हटाया।

अचानक रेस्टोरेंट के आगे का पिलर गिरा पुलिस का कहना है कि छत पर कबाड़ का वजन भी रखा हुआ था। हादसे में खाना खा रहे 2 लोग मलबे में दब गए। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद रेस्टोरेंट संचालक मौके से फरार हो गया। हादसे के समय ढाबे पर चार कर्मचारी खाना बना रहे थे, जबकि दो मजदूर और एक युवक खाना खा रहे थे। अचानक ढाबे के आगे का पिलर गिर गया और देखते ही देखते पूरी छत भरभराकर नीचे आ गई।
कर्मचारी पीछे की ओर भागकर बच गए, लेकिन सामने बैठे कस्टमर बाहर निकल नहीं सके और मलबे में दब गए। सूचना पर सांगानेर थाना पुलिस, सिविल डिफेंस टीम और एडीआरएफ मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाया और दोनों दबे लोगों को बाहर निकाला। एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

जेडीए की मार्किंग के बाद भी चल रहा था रेस्टोरेंट एसीपी सांगानेर विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि हाल ही में जेडीए ने सड़क चौड़ीकरण के लिए इस ढाबे के कुछ हिस्सों पर मार्किंग की थी, लेकिन रेस्टोरेंट संचालक ने उस हिस्से को नहीं हटाया। हादसे के समय रेस्टोरेंट सामान्य रूप से संचालित हो रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ढाबे की दूसरी मंजिल पर भारी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था। ओवरलोडिंग के कारण छत पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ था। उसके साथ ही नीचे चल रहे भट्टी की भी लगातार हीट चल रही थी। फिलहाल पुलिस फरार रेस्टोरेंट संचालक की तलाश रही है।






