जोधपुर के बासनी इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह DGGI (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस) की टीम पर खुलेआम हमला हो गया। GST चोरी के बड़े नेटवर्क पर छापा मारने पहुंची जयपुर की टीम को ट्रांसपोर्टर और उसके स्टाफ ने न सिर्फ धक्का-मुक्की की, बल्कि दो कंप्यूटर CPU (महत्वपूर्ण सबूत) छीन लिए और ट्रक से टक्कर मारकर सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमलावर ट्रक और कार से फरार हो गए।
जयपुर से आई DGGI की टीम स्टील इंडस्ट्री और ट्रांसपोर्ट से जुड़े GST चोरी नेटवर्क पर कार्रवाई करने जोधपुर पहुंची थी। घटना के बाद बासनी पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगालने का काम शुरू किया है।
GST चोरी का बड़ा खेल
ट्रांसपोर्ट कंपनी की दो या तीन फर्मों से फर्जी बिल्टी जारी करने के साथ ही बोगस बिलिंग से GST चोरी का आरोप था और टीम को सूचना मिली थी कि फर्जी बिलिंग के जरिए करोड़ों की GST की चोरी की जा रही है। DGGI लंबे समय से नेटवर्क पर नजर रख रही थी। टीम ने ऑफिस में पहुंचकर कागजातों और कंप्यूटर सिस्टम की जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने दो कंप्यूटर CPU को सबूत के तौर पर कब्जे में लिया, जिनमें महत्वपूर्ण डेटा होने की संभावना थी। बिश्नोई रोड कैरियर के मालिक पुखराज खावा और अन्य फर्मों की जांच चल रही है।

क्या हुआ था?
- सुबह 7:15 बजे- DGGI की टीम इंडस्ट्रियल एरिया सेकेंड फेज में स्थित बिश्नोई रोड कैरियर पर पहुंची। ऑफिस पर ताला लगा था, DGGI की टीम बाहर इंतजार कर रही थी। तभी सुनील विश्नोई नामक व्यक्ति आया, ऑफिस खोला और दो CPU ले जाने लगा। एक CPU ट्रक में, दूसरा हाथ में था। DGGI की टीम ने रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की, CPU छीने गए।
- DGGI की टीम ने पहला CPU अपनी गाड़ी में रख लिया था, लेकिन ट्रांसपोर्टर और उसके स्टाफ ने धक्कामुक्की और हाथापाई करते हुए यह CPU छीन लिया। आरोपियों ने इस CPU को अपने साथी की कार में रखवाकर वहां से भगा दिया। इसी तरह दूसरा CPU भी टीम के कब्जे में था, लेकिन हाथापाई के दौरान आरोपियों ने इसे भी छीनकर एक ट्रक में रखवा दिया। DGGI की टीम की गाड़ी उस समय ट्रक के ठीक सामने खड़ी थी।
- तो ट्रांसपोर्टर ने ट्रक से DGGI की गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे विभाग की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद आरोपी दोनों CPU लेकर ट्रक और कार से फरार हो गए। यह एक सरकारी टीम पर सीधा हमला था और कानून को चुनौती देने जैसा कार्य था।
- विभागीय सूत्रों के अनुसार बिश्नोई रोड कैरियर के प्रोपराइटर का नाम पुखराज खावा बताया जा रहा है। इसके अलावा अन्य फर्मों के बारे में भी छानबीन की जा रही है। मौके से पकड़े गए सुनील विश्नोई की ट्रांसपोर्ट कंपनी में और हमला करवाने में भूमिका के बारे में पड़ताल जारी है।

बासनी पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बासनी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने DGGI की टीम से घटना का विवरण लिया और आसपास के विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस की उम्मीद है कि CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान हो सकेगी और कार व ट्रक के नंबर मिल सकेंगे। पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुटी है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
GST चोरी नेटवर्क पर शिकंजा
DGGI की यह कार्रवाई ट्रांसपोर्ट सेक्टर में चल रहे GST चोरी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए की गई थी। जानकारी के अनुसार, कई ट्रांसपोर्ट कंपनियां फर्जी बिलिंग और बिल्टी बनाकर सरकार को GST में करोड़ों रुपए का चूना लगा रही हैं। DGGI की टीम लंबे समय से इस नेटवर्क की जांच कर रही थी और बिश्नोई रोडलाइन्स पर छापा इसी जांच का हिस्सा था। सबूत छीने जाने से जांच को झटका लगा है, लेकिन विभाग अन्य तरीकों से कार्रवाई जारी रखने की योजना बना रहा है।






