उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र में पिछले दिनों स्कूल बस के नीचे आने से एक मासूम की मौत के बाद भी हालात बदले नहीं है। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद फलासिया में ओवरलोड जीप-वैन और बसों पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने 9 स्कूल बसों समेत कुल 17 वाहनों को सीज किया है। झाड़ोल SDM कपिल कोठारी के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई।
फलासिया थानाधिकारी सीताराम ने बताया- पिछले दिनों हुए हादसे के बाद सभी स्कूल संचालकों को बसों की फिटनेस, सेफ्टी एंड ओवरलोड नियम और वाहन को सावधानी चलाने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद स्कूलों की वैन और जीपों में क्षमता से ज्यादा बच्चों को भरकर ले जाया जा रहा था।
इस पर पुलिस ने अभियान चलाकर स्कूल में बच्चों को जाने वाले वाहन चेक कर कुल 17 वाहन जब्त किए गए। इसमें 9 बस, 1 प्राइवेट बस और 7 जीप-वैन शामिल हैं। बसों में हेल्पलाइन, जीपीएस, फायर सेफ्टी किट, फर्स्ट एड बॉक्स और अटेंडेंट नहीं होने जैसी कई कमियां मिली। सभी वैन और जीप ओवरलोड थी।

दो गुना बच्चों को बैठाया हुआ था
पुलिस ने बताया कि ज्यादातर जीप और वैन में क्षमता से करीब दो गुना बच्चों को बैठाया हुआ था। कई वैन को तेज गति से चलाया जा रहा था। इनमें से दो जीप में 30 से अधिक बच्चों को बैठा रखा था। सभी वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़े करवाए गए। इन वाहनों पर नियामानुसार जुर्माना लगाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जब्त किए वाहन फलासिया के लोकमान्य तिलक पब्लिक स्कूल, मेवाड़ पब्लिक स्कूल, स्वामी विवेकानन्द स्कूल, जीनस किड्स पैराडाइज और सरस्वती पब्लिक स्कूल के हैं।






