best news portal development company in india

जयपुर विकास प्राधिकरण में ट्रेफिक कन्ट्रोल बोर्ड की बैठक हुई सम्पन्न शहर में यातायात पुलिस द्वारा जब्तशुदा वाहनों हेतु की जायेगी अस्थाई पार्किंग विकसित

SHARE:

जयपुर विकास आयुक्त आनंदी की अध्यक्षता में जेडीए के मंथन सभागार में ट्रेफिक कन्ट्रोल बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न एजेण्डों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिये गये।

बैठक में एडीशनल कमिशनर (ट्रेफिक), डीसीपी ट्रेफिक, जेडीए के अभियांत्रिकी निदेशक-प्रथम एवं द्वितीय, निदेशक आयोजना, अतिरिक्त मुख्य अभियंता – सदस्य सचिव टीसीबी, जेसीटीएसएल, जेवीवीएनएल, राजस्थान आवासन मण्डल, मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी परिवहन विभाग, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, जेएमआरसी, नगर निगम, रीको के अधिकारीगण एवं मुस्कान एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

यातायात नियमों के उल्लंघन एवं अभियान के दौरान जब्तशुदा वाहनों हेतु भूमि की आवश्यकता है। इस हेतु 22 गोदाम पुलिया के नीचे, बगराना, जलमहल व कनक घाटी के पास, किसान धर्मकाटा के पास खाली जमीन, न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के पास अस्थाई रूप से पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिये।

यातायात पुलिस द्वारा कुल 200 चौराहों / तिराहों को चिन्हित किया गया है इन स्थानों पर स्टॉप लाईन/जेब्रा क्रॉसिंग लाईन डलवाये जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

जेडीए द्वारा यातायात पुलिस व परिवहन विभाग से जयपुर शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की माह नवम्बर 2025 में किये गये सर्वे की प्राप्त रिपोर्ट में 77 क्षतिग्रस्त सडकों की मरम्मत कार्य के क्रम में बैठक में बताया गया कि 52 सडकों का मरम्मतीकरण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, 14 सडकों का कार्य प्रगति पर है एवं अन्य पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

आयुक्तालय जयपुर द्वारा ई-रिक्शा के सुगम संचालन हेतु क्यूआर कोड प्रणाली लागू करने हेतु टीसीबी में लिये गये निर्णय के उपरांत बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे ई-रिक्शाओं पर रोक लगेगी तथा ई-रिक्शा निर्धारित जोन में ही संचालित होंगे।

आयुक्तालय जयपुर में सडक दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) एवं प्रस्तावित सडकों/रूट्स पर बनने वाले ब्लैक स्पॉट पर संयुक्त विजिट एवं आवश्यक कार्य के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

यातायात पुलिस द्वारा जेसीटीएसएल बस चालकों द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन की रोकथाम हेतु चालकों हेतु यातायात कार्यशाला / प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिये गये। प्रशिक्षण उपरांत चालकों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाना होगा कि वे निर्धारित बस शेल्टर्स/स्टॉप पर ही बस रोंके एवं यातायात नियमों की पूर्णतः पालना करें।

सार्वजनिक परिवहन के साधनों के सुलभ परिवहन हेतु इनके पार्किंग स्थलों का चिन्हिकरण एवं नये पार्किंग स्थल विकसित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये। बैठक में जेसीटीएसएल द्वारा वर्तमान में संचालित बसों हेतु 150 नवीन बस शेल्टर्स निर्माण हेतु परिवहन विभाग, नगर निगम, जेसीटीएसएल एवं पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा संयुक्त रूप से सर्वे करवाये जाने के निर्देश दिये।

शहर के अधिकांश मैरीज गार्डन द्वारा आयोजन के दौरान वाहनों को मुख्य मार्ग पर पार्किंग करवाये जाने से मुख्य मार्ग अवरूद्ध होता है इसके निवारण हेतु संयुक्त विजिट करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

शहर के चिन्हित मार्गाे पर स्थाई/अस्थाई अतिक्रमण हटवाये जाने हेतु नियमित अभियान चलाये जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

यातायात पुलिस द्वारा शहर में अवैध कटों को बंद करवाये जाने हेतु चिन्हित किये गये है। उक्त कटो को नियमानुसार बंद करवाये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये। इस संबंध में अधिकारियों को निर्धारित दूरी में रोड कट की जांच उपरांत अवांछित कटो को बंद करवाने के निर्देश दिये।

इसके साथ ही वॉल सिटी में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु लोडिंग वाहनों का एंट्री टाईम निर्धारित किये जाने के निर्देश दिये। वाहन चालकों को यातायात सम्बन्धित सूचना प्रदर्शित किये जाने हेतु 16 सोलर बेस्ड वीएमएस विथ ट्रोली के संबंध में निर्देश दिये गये। वाहन चालकों को वाहन की गति दिखाने के लिये स्पीड डिटेक्शन डिस्प्ले बोर्ड स्थापित किये जाकर वाहन चालकों की गति नियंत्रण किये जाने हेतु निर्देश प्रदान किये गये। पार्किग की सटीक जानकारी हेतु आमजन स्मार्ट सिटी ऐप का उपयोग करे, जिससे वाहन पार्क करने में होने वाली असुविधा से राहत मिल सकेगी।

सीबीआई फाटक से खो-नागोरियान की ओर जाने वाली सड़क की चौडाई बढ़ायी जावे, जिससे इन्दिरा गांधी नगर एवं इस ओर स्थापित अन्य कॉलोनियों हेतु निर्बाद्ध एवं सुगम यातायात के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

इन्दिरा गांधी नगर स्थित खातीपुरा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव में वृद्धि के कारण बढे ट्रैफिक के दृष्टिगत गंगा मार्ग के विभिन्न चौराहो पर ट्रैफिक लाईट स्थापित किये जाने, ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था एवं वाहनों की गति निर्धारित कर, संबंधी बोर्ड / संकेतक लगाये जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

बैठक में भविष्य में विकसित की जाने वाली पार्किंग में विशेष रूप से 90 डिग्री के स्थान पर पार्किंग स्थल 30 डिग्री पर विकसित करने के निर्देश दिये, जिससे वाहन चालक सरलता से वाहन पार्क एवं अनपार्क कर सकेगा। इसके साथ ही नगर निगम को चारदीवारी में रामनिवास पार्किंग जैसे अण्डरग्राउण्ड पार्किंग स्थल विकसित करने हेतु भूमि चिन्ह्ति करने के निर्देश दिये।

शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का विभिन्न स्थानों पर औचक प्रवर्तन कार्यवाही करने हेतु मोबाईल एनफोर्समेंट कैमरों के संबंध में निर्देश दिये गये।

आयुक्तालय जयपुर में यातायात के सुगम संचालन हेतु 130 महिला पुलिसकर्मियों को 45 यातायात पॉईंट पर नियोजित किया जा रहा है। इन स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं को विकसित किये जाने की आवश्यकता विकसित करने के निर्देश दिये। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किये जाने हेतु हाईटबार लगवाये जाने वाले स्थानों को चिन्हित कर सूची तैयार की गई है इन चिन्हित स्थानों पर हाईटबार लगवाये जाने के निर्देश दिये।

शहर में भारी मुख्य मार्गों पर होटलो, ढाबो एवं थडी ठेलो द्वारा जयपुर की मुख्य सड़को पर अतिक्रमण किया गया है जिन्हे संयुक्त कार्यवाही कर हटवाये जाने के निर्देश दिये।

परिवहन/नगर निगम को निर्देश दिये गये कि ट्रेफिक कंट्रोल बोर्ड में पारित निर्णयों/निर्देशों को पालना सुनिश्चित करें।

M 24x7 News
Author: M 24x7 News

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई