भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) ऑक्शन में राजस्थान की दो युवा खिलाड़ियों ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। जयपुर की सुमन मीणा और झुंझुनूं की हैप्पी कुमारी को उत्तर प्रदेश वॉरियर्स और गुजरात टीम ने अपने स्क्वॉड में शामिल किया है।
गुरुवार को हुई नीलामी प्रक्रिया में लंबे समय से राजस्थान महिला क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहीं इन दोनों खिलाड़ियों को अपना पहला बड़ा मंच मिला है। WPL ऑक्शन में शामिल किए जाने के बाद दोनों पर कई टीमों की नजर थी।
जयपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुमन मीणा को UP वॉरियर्स ने 10 लाख रुपए में खरीदा है। सुमन पिछले कई सीजन से राज्य की सबसे भरोसेमंद बैट्समैन में गिनी जाती हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार प्रदर्शन ने उन्हें WPL ऑक्शन तक पहुंचाया।
हैप्पी कुमारी को गुजरात टीम ने बनाया हिस्सा झुंझुनूं की युवा बल्लेबाज हैप्पी कुमारी को गुजरात टीम ने अपने स्क्वॉड का हिस्सा बनाया है। अपने आक्रामक अंदाज और लगातार ऑलराउंडर क्षमता ने उन्हें टीम मालिकों का पसंदीदा विकल्प बनाया है।
दोनों खिलाड़ियों के सिलेक्शन से राजस्थान महिला क्रिकेट में उत्साह का माहौल है। राजस्थान के कोचों और क्रिकेट संघ से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि यह सफलता राज्य की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
राजस्थान से उभरती महिला प्रतिभाओं के लिए WPL एक बड़ा प्लेटफॉर्म बनकर सामने आया है। सुमन और हैप्पी का सिलेक्शन इस बात का प्रमाण है कि राज्य की क्रिकेट प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।






