जयपुर में पेट्रोल से जलाए गए प्रेमी-प्रेमिका में से सोमवार देर रात प्रेमी ने दम तोड़ दिया। युवक 60 फीसदी से ज्यादा झुलसा था। प्रेमिका की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना 3 दिन पहले शहर के नजदीक मौखमपुरा इलाके में हुई।
एसएचओ मौखमपुरा सुरेश कुमार गुर्जर ने बताया कि बाड़ोलाव गांव के रहने वाले कैलाश गुर्जर (25) की इलाज के दौरान एसएमएस हॉस्पिटल में मौत हुई है।
शुक्रवार रात को कैलाश और उसकी शादीशुदा प्रेमिका सोनी गुर्जर को महिला के रिश्तेदारों ने मचान पर बांधकर जला दिया था।

करीब 45 फीसदी झुलसी थी महिला
इस घटना में महिला सोनी गुर्जर करीब 45 फीसदी झुलसी थी। डॉक्टर्स का कहना है कि महिला की हालत फिलहाल गंभीर है। जिंदा जलाने के आरोप में महिला के चाचा ससुर बिरदीचंद गुर्जर (57) और जेठ गणेश गुर्जर (41) को गिरफ्तार किया गया है।
परिवार और पीड़ितों के बयानों के बाद शुक्रवार देर रात 2 बजे सोनी गुर्जर प्रेमी से मिलने खेत पर गई थी। उसके चाचा ससुर बिरदीचंद और जेठ गणेश भी उसका पीछा करते हुए वारदात की जगह पहुंच गए।
आरोपियों ने फिर दोनों को उस पर बांधकर आग लगा दी।

एक लव मैरिज के चलते दोनों परिवारों में थी रंजिश
कैलाश गुर्जर शादीशुदा है। वहीं, सोनी गुर्जर विधवा है। उसके पति की 6 साल पहले एक हादसे में मौत हो गई थी। सोनी के दो बच्चे हैं। बेटा 10 और बेटी 7 साल की है। सोनी के बेटे का बाल विवाह हो चुका है।
दोनों परिवारों में रंजिश थी। एक साल पहले सोनी के जेठ के लड़के और कैलाश के भाई की लड़की ने लव मैरिज कर ली थी। इसी वजह से दोनों परिवारों में बोलचाल बंद थी।







