फुलेरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर नकबजनी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों, राजेंद्र और रोहित रॉय, को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है।
यह घटना गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई थी। जब मकान मालिक किसी काम से बाहर गए हुए थे, तभी आरोपियों ने घर में सेंध लगाई। चोरों ने एक वॉशिंग मशीन की मोटर, गैस कंपनी का खाली सिलेंडर और एक गैस चूल्हा चुरा लिया। सुबह जब परिजनों ने सामान गायब देखा तो उन्होंने तुरंत फुलेरा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना अधिकारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों की सूचना और पुलिस की गहन निगरानी के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने राजेंद्र उर्फ राजू चौधरी (27 वर्ष), निवासी भैंरू की ढाणी, जौबनेर रोड, फुलेरा, और रोहित रॉय (25 वर्ष), निवासी मिश्र कॉलोनी, फुलेरा, को गिरफ्तार किया। गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को कबूल कर लिया।
आरोपियों द्वारा बताए गए स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने चोरी की गई वॉशिंग मशीन मोटर, गैस चूल्हा और सिलेंडर बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और चोरी कर सामान बेचकर पैसे कमाना उनकी आदत बन चुकी थी। पुलिस उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिव लाल बैरवा और पुलिस उप अधीक्षक सांभर अनुपम मिश्रा के निर्देशन में की गई। थाना अधिकारी राजेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमी चंद, हेड कांस्टेबल हंस राज, कांस्टेबल अनिल कुमार और महेंद्र सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि इससे अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास बढ़ा है, खासकर त्योहारों और सर्दी के मौसम में जब चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं।






