उदयपुर में मेनारिया ब्राह्मण समाज के हॉस्टल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। समाज के अध्यक्ष भंवर धीरज पानेरी द्वारा उदयपुर के उमरड़ा स्थित शिक्षा केंद्र में उपलब्ध कराई गई 5,000 वर्ग फीट भूमि का समाजजनों ने अवलोकन किया। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए सदस्यों ने हॉस्टल निर्माण के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की।
अध्यक्ष पानेरी ने बताया कि उदयपुर में स्टूडेंट्स के लिए एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक हॉस्टल का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह समाज को दिए गए चुनावी वचन का हिस्सा है। हाल ही में बांसड़ा में आयोजित एक बैठक में प्रस्तावित हॉस्टल भवन का पोस्टर भी जारी किया गया था।
पानेरी के अनुसार, उमरड़ा में चयनित स्थान विद्यार्थियों के लिए अत्यधिक उपयुक्त है। यह क्षेत्र शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात सुविधाओं के निकट स्थित है। इसके आसपास 50 से अधिक महाविद्यालय, विकसित आवासीय कॉलोनियाँ और कई निर्माणाधीन परियोजनाएं हैं, जो इसे भविष्य का एक प्रमुख शिक्षा और आवासीय केंद्र बनाती हैं।
समाज के सभी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति और सर्वसम्मति ने इस परियोजना को मजबूत आधार प्रदान किया है। समाज के सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज की ओर से सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






