अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में चार दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में गंभीररूप से घायल हुए परम ऑटोमोबाइल कंपनी के कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। जिन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार मृतक हटूण्डी रोड, खाजपुरा निवासी रामराज सेन (25) पुत्र रूपचन्द सेन है, जो अविवाहित है। वह क्षेत्र की परम ऑटोमोबाइल कंपनी में कर्मचारी था। जिसका 4 दिसम्बर को कहीं जाते समय पालरा रिको एरिया में एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

ऐसे में उसके ग्रामवासियों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने पुलिस से दुर्घटना करने वाले कार चालक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की और मृतक के परिजन को मुआवजा राशि दिए जाने की मांग को लेकर रोष प्रकट किया।
उनका कहना था कि मृतक के पिता को दिखाई कम देता है। घर में कमाने वाला भी वह अकेला था। उसके एक छोटा भाई है। ऐसे में उसके परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया। पुलिस ने मामले में ग्रामीणों को उचित कार्यवाही होने का भरोसा दिलाया। साथ ही परिजन ने बताया कि मृतक जिस कंपनी में कार्यरत था।
उस कंपनी की ओर से भी मृतक के परिजन को आर्थिक मदद की गई है। जिस पर उनमें सहमति बन गई और उसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।






