डीएसटी जोधपुर ग्रामीण और बिलाड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने मुख्य सप्लायर समेत दो शातिर तस्करों को दबोचकर उनसे पांच पिस्टल, पांच मैगजीन, पांच कारतूस और 1.48 लाख रुपए बरामद किए।
जयपुर-जोधपुर हाईवे पर बिलाड़ा बाइपास के पास आरोपी हथियारों की डील करने पहुंचे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी ललित सीरवी और दिलजीत पूनिया को गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश से खरीदकर लाए थे अवैध हथियार ASP भोपालसिंह लखावत ने बताया- एसपी नारायण टोगस के निर्देशानुसार पुलिस अवैध हथियारों को लेकर अभियान चला रही है। टीम को अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त के संबंध में सूचना मिली थी। इस पर टीम ने CO अन्नराज सिंह के सुपरविजन में DST प्रभारी श्रवण कुमार और थानाधिकारी बिलाड़ा सवाई सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की।
टीम ने बिलाड़ा बाइपास के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मध्यप्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर लाए थे। पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी हुई है कि आरोपी इन हथियारों को कहां काम लेने वाले थे।

अवैध हथियार तस्करी को लेकर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज तलाशी के दौरान आरोपियों से पांच पिस्टल, पांच मैगजीन और पांच कारतूस के साथ 1 लाख 48 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार तस्करी को लेकर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में आरोपी ललित पिता देवाराम सीरवी निवासी खारिया मीठापुर, दिलजीत पिता रामकिशोर जाट निवासी पिचियाक को गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने हथियार मंगाए और किन-किन को सप्लाई किए जाने थे।






